बेगूं। उपखंड क्षेत्र के नंदवाई में इन दिनों भक्ति और उत्साह का माहौल है। यहाँ चारभुजा महिला मंडल और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का भव्य विवाह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हुई।
गणपति स्थापना के साथ शुरू हुए मांगलिक प्रसंग
तुलसी विवाह महोत्सव के तहत गुरुवार 15 जनवरी को दोपहर 12 बजे बड़े चारभुजा मंदिर परिसर में गणपति स्थापना की गई। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर में भी गणपति विराजित किए गए। ढोल नगाड़ों की थाप और मंगल गीतों के बीच पूरा गांव धर्ममय हो गया है। गौरतलब है कि इस विवाह की रस्में 6 जनवरी को लग्न लिखाई और सगाई के कार्यक्रम के साथ ही शुरू हो गई थीं। कार्यक्रम गुरुवार 22 जनवरी को प्रातः 11 बजे हल्दी रस्म एवं मेहंदी रस्म, अपराह्न 3 बजे थम्ब रोपण, रात्रि 8 बजे बासण तथा रात्रि जागरण का आयोजन होगा। शुक्रवार 23 जनवरी को प्रातः 10 बजे तुलसी की बिंदौली निकाली जाएगी। अपराह्न 4 बजे स्नेहभोज का आयोजन होगा, वहीं बारात श्री हनुमान जी मंदिर से रवाना होकर सायं 7:15 बजे तोरण कार्यक्रम के लिए श्री चारभुजा जी मंदिर पहुंचेगी। रात्रि 8:15 बजे मंदिर परिसर में बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर गोधूलि बेला में तुलसी जी एवं शालिग्राम जी का विधिवत विवाह संपन्न कराया जाएगा।

सजावट और तैयारियां जोरों पर
आगामी बसंत पंचमी को होने वाले मुख्य विवाह के लिए बड़े चारभुजा मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों, ताजे फूलों और आकर्षक सजावटी पत्तियों से भव्य रूप गया है। महिला मंडल की सदस्य और ग्रामीण तैयारियों में जुटे हैं। नौ दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन भजन संध्या,महिलाओं की प्रतियोगिताएं, नृत्य डांस एवं भगवान के भजनों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।