बेगू। क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने बेगू उपखंड क्षेत्र के ठुकराई चौराहे पर स्थित आदर्श धाकड़ समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन स्थल पर पहुंचकर 25 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक डॉ. धाकड़ ने सम्मेलन स्थल पर 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली चारदीवारी तथा 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खुले बरामदे के निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।
धार्मिक विधि-विधान से हुआ शिलान्यास
कार्यक्रम मे विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने विवाह सम्मेलन स्थल पर चारदीवारी,खुले बरामदे के निर्माण का शिलान्यास करने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा पाठ कर ध्वजारोहण भी किया गया।

इसी क्रम में 20वें आदर्श धाकड़ समाज सामूहिक विवाह शुभ मिति माघ सुदी 5 शुक्रवार संवत 2082, 23 जनवरी 2026 को ठुकराई चौराहे पर समाज के सम्मेलन स्थल पर आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में केवल वयस्क जोड़ों का ही विवाह संपन्न कराया जाएगा तथा विवादग्रस्त जोड़ों को शामिल नहीं किया जाएगा।
सम्मेलन हेतु जोड़ा राशि 50 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें प्रत्येक पक्ष से 25 हजार रुपये लिए जाएंगे। कन्या के पिता जीवित नहीं होने पर जोड़ा राशि में आधी छूट तथा माता-पिता दोनों के जीवित नहीं होने पर पूर्ण छूट का प्रावधान रखा गया है। एक ही परिवार की दो सगी बहनों के विवाह पर प्रति कन्या एक हजार रुपये की अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
समिति ने बताया की वर वधू सहित बारात का सम्मेलन स्थल पर 23 जनवरी को प्रातः 8 बजे तक पहुंचना अनिवार्य रहेगा। हथलेवा की सामूहिक थाली का दान वधुओं को दिया जाएगा। सम्मेलन में मायरा पहनाना निःशुल्क रहेगा, लेकिन इसके लिए पंजीयन अनिवार्य होगा। समिति ने बताया कि सम्मेलन में वधुओं को चांदी के पायजम, बिस्तर सेट, पलंग पेटी, बर्तन सेट, पंखा, दो कुर्सियां तथा वर-वधु की पोशाक सहित अन्य आवश्यक उपहार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में देश पंचायत अध्यक्ष छगनलाल धाकड़, सामूहिक विवाह सम्मेलन अध्यक्ष भेरूलाल धाकड़, जिला परिषद सदस्य प्रभुलाल धाकड़, पंचायत समिति सदस्य शंभूलाल धाकड़, प्रवक्ता गोपाल धाकड़, प्रेमचंद धाकड़, रायता के पूर्व मंडल अध्यक्ष लीलाशंकर धाकड़, यातायात सलाहकार भेरू लाल धाकड़,जगनाथ धाकड़,श्याम लाल धाकड़ सहित विवाह सम्मेलन समिति के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।