Explore

Search

February 6, 2026 1:18 pm

श्री साँवलिया सेठ का चांदी से बनाया आधार कार्ड, पढ़े पूरी खबर

भीलवाड़ा। राजस्थान की धरती को भक्ति और शक्ति का केंद्र कहा जाता है। यहाँ के कण-कण में आस्था रची-बसी है। लेकिन आज हम आपको भक्ति का एक ऐसा आधुनिक और डिजिटल स्वरूप दिखाने जा रहे हैं जिसे देखकर आप भी दंग रह जाएंगे। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवरिया सेठ का अब अपना एक आधार कार्ड है! चौंकिए मत, यह असली आधार कार्ड नहीं, बल्कि शुद्ध चांदी पर उकेरी गई श्रद्धा की एक बेजोड़ कृति है। भीलवाड़ा के आसींद के एक कलाकार ने अपनी कलाकारी से सांवरिया सेठ की पहचान को चांदी के पन्ने पर उतार दिया है। यहाँ के रहने वाले स्वर्ण और चांदी कलाकार धनराज सोनी ने मेवाड़ के आराध्य श्री सांवरिया सेठ के लिए चांदी का एक आधार कार्ड तैयार किया है। इस कार्ड की खासियत यह है कि इसे हूबहू भारत सरकार द्वारा जारी किए जाने वाले असली आधार कार्ड की तर्ज पर बनाया गया है। लगभग 60 ग्राम शुद्ध चांदी से बने इस कार्ड पर बारीक नक्काशी की गई है। कार्ड को ध्यान से देखें तो इस पर भारत का राजचिह्न यानी अशोक स्तंभ अंकित है। साथ ही सांवरिया सेठ की एक बेहद मनमोहक तस्वीर भी लगाई गई है। कार्ड पर विवरण के तौर पर चांदी के बने आधार पर श्री साँवलिया सेठ का फोटो व श्री सांवरिया सेठ का नाम, लिंग (पुरुष) और उनकी जन्मतिथि के रूप में भाद्रपद कृष्ण अष्टमी 3112 ईसा पूर्व (यानी भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी) इतना ही नहीं, कार्ड के सबसे निचले हिस्से पर भक्त की भावना को दर्शाने वाला एक प्रेरक संदेश लिखा है— ‘मेरे सरकार मेरी पहचान’ लिखा गया हैं। कलाकार धनराज सोनी ने बताया कि स्थानीय ग्राहकों की विशेष डिमांड पर उन्होंने इसे मात्र दो दिनों की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया है। आज के दौर में जहां चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं, वहां करीब 15 हजार रुपये की लागत से बनी यह श्रद्धा की निशानी हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। धनराज सोनी की यह कलाकारी न केवल उनकी कुशलता को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि एक भक्त अपने भगवान को किस रूप में अपनी पहचान मानता है। मेवाड़ के राजा का यह चांदी वाला आधार कार्ड अब न केवल आसींद बल्कि पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर