Explore

Search

April 18, 2026 4:02 am

पीपली खेड़ा, किशोरपुरा गांव में चारागाह भूमि पर अतिक्रमण का विरोध

बेगूं। बेगूं क्षेत्र के पीपली खेड़ा गांव में चारागाह भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को पीपली खेड़ा एवं किशोरपुरा के ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) अंकित सामरिया को ज्ञापन सौंपकर चारागाह भूमि से अवैध कब्जे हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि पंचायत जयनगर के अंतर्गत लगभग 60 बीघा चारागाह भूमि पर पीपली खेड़ा बस्ती के कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने पत्थर की दीवारें खड़ी कर चारागाह भूमि को खेतों में तब्दील कर दिया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह चारागाह भूमि पीपली खेड़ा और किशोरपुरा गांव के मवेशियों के चरने का एकमात्र स्थान है। क्षेत्र में इसके अलावा कोई अन्य चारागाह भूमि उपलब्ध नहीं होने से पशुपालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार अतिक्रमणकारियों से स्वयं कब्जा हटाने की अपील की, लेकिन उन्हें अपशब्द कहकर धमकाया गया। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पूर्व में भी प्रशासन से चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर