Explore

Search

February 17, 2026 4:45 am

भिवाड़ी में मौत का तांडव: फैक्ट्री में भीषण धमाके के बाद आग, 7 मजदूर जिंदा जले

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में सोमवार की सुबह एक भीषण हादसा हो गया। खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाकों के बाद लगी आग ने सात मजदूरों की जान ले ली। इस हृदयविदारक घटना में चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह फैक्ट्री परिसर से अचानक तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। देखते ही देखते ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान में फैल गया। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर कुल 11 मजदूर काम कर रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि, कुछ मजदूर भागने में सफल रहे, लेकिन सात मजदूर आग के घेरे में फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जिस फैक्ट्री को केमिकल फैक्ट्री बताया जा रहा है, वहां लंबे समय से अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम चल रहा था। यह बात पूरे इलाके में सार्वजनिक थी, फिर भी अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। स्थानीय डीएसपी डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है। डीएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री बंद थी लेकिन कुछ समय पहले उसे खोलकर वहां कुछ काम किया जा रहा था, और इस बारे में जांच की जा रही है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका, लेकिन फैक्ट्री के अंदर अत्यधिक ताप और मलबे के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियां आईं।
फिलहाल पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और प्रबंधन के खिलाफ जांच शुरू कर दी है कि बंद फैक्ट्री को बिना अनुमति के क्यों खोला गया था।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर