
चित्तौड़गढ़। जिले के बेगू उपखंड क्षेत्र स्थित मेवाड़ के प्रसिद्ध धार्मिक एवं शक्तिपीठ स्थल जोगणिया माता में चैत्र नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को दुर्गाष्टमी पर महा-रात्रि जागरण का आयोजन होगा। दुर्गाष्टमी का यहाँ विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है, जिसके चलते नवरात्र मेला आज अपने चरम पर हैं। दुर्गाष्टमी के अवसर पर दिनभर एवं रात्रि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर प्रशासन ने निर्णय लिया है कि माता रानी के दर्शन के लिए मंदिर के द्वार पूरी रात खुले रहेंगे, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को निर्बाध दर्शन का लाभ मिल सके। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का आलम यह है कि मन्नत पूरी होने पर बड़ी संख्या में भक्त पैदल यात्रा कर जोगणिया माता पहुँच रहे हैं। वहीं कई श्रद्धालु अपनी गहरी श्रद्धा अर्पित करने के लिए लौटन यात्रा करते हुए माता के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, नायब तहसीलदार विष्णु लाल यादव एवं बेगूं थानाधिकारी कमलचंद मीणा ने मंदिर परिसर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ प्रबन्धन एवं विकास संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुगम एवं कतारबद्ध दर्शन करवाने के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल और निजी सुरक्षा एजेंसी के महिला-पुरुष कर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे। वही चैत्र नवरात्रि धार्मिक महोत्सव का 27 मार्च को पूर्णाहुति दी जाएगी।

Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़