Explore

Search

April 16, 2026 5:12 pm

म्यूल हंटर अभियान : ठगों को दिया बैंक खाता, ठगी के पैसों में 30 फीसदी कमीशन लेते, दो दुकानदारों के खिलाफ  मामला दर्ज

चित्तौड़गढ़। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। विशेष अभियान म्यूल हंटर के तहत पुलिस ने एक ऐसे बैंक खाते का पर्दाफाश किया है, जिसके जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में हुई ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर लगातार मिल रही शिकायतों के विश्लेषण के बाद पुलिस की विशेष टीम ने एक एसबीआई बैंक खाते को संदिग्ध पाया। जांच में सामने आया कि इस अकेले खाते के विरुद्ध महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे राज्यों में गंभीर शिकायतें दर्ज हैं। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ के डिगी थाने में 5 लाख 80 हजार और पुणे सिटी साइबर थाने में 14 लाख रुपए की ठगी करने की शिकायत दर्ज है।
तमिलनाडु के चेन्नई के सीसीबी थाने में 2.10 लाख रुपए की ठगी करने का मामला दर्ज है। इन सभी मामलों को मिलाकर खाते में कुल 21 लाख 90 हजार का संदिग्ध लेनदेन पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंदेरिया थाना पुलिस ने खाताधारक बालूराम निवासी सिंधी विनायक कॉलोनी, चंदेरिया को बुलाकर पूछताछ की। बालूराम ने खुलासा किया कि उसके दोस्त श्रवण सुहालका निवासी बस्सी ने उसे इस काम के लिए तैयार किया था। चंदेरिया में पास-पास दुकान चलाने वाले इन दोनों दोस्तों ने ठगी की राशि को खपाने के लिए एक योजना बनाई। तय सौदे के अनुसार ठगी की कुल रकम पर 30 प्रतिशत कमीशन मिलता था जिसमें से 20 प्रतिशत खाताधारक बालूराम को और 10 प्रतिशत मध्यस्थ श्रवण को मिलना तय किया हुआ था। खाते में पैसा आने के बाद दोनों ने बैंक से चेक के जरिए रकम निकाली और कमीशन बांटकर बाकी पैसा ठगों तक पहुंचा दिया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 11 अप्रैल 2026 से शुरू हुए म्यूल हंटर अभियान के तहत यह जिले की बड़ी उपलब्धियों में से एक है। साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए गठित विशेष टीम में एएसआई मुकेश कुमार और कांस्टेबल रणजीत शामिल थे। साईबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों जांच की करती हैं। पोर्टल पर दर्ज शिकायत पर टीम बैंक तक पहुंची और खाते में लेन देन की डिटेल्स खंगाली और खाताधारक तक पहुंची। ठगी के इस मामले में चंदेरिया पुलिस ने बालू राम और श्रवण सुहालका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर