Explore

Search

April 18, 2026 6:09 am

चित्तौड़गढ़ के जवान पहलवान गुर्जर का दिल्ली में निधन, सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

चित्तौड़गढ़। जिले के धीरजी का खेड़ा निवासी सेना के 29 वर्षीय जवान पहलवान गुर्जर का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। शुक्रवार को जब शहीद का पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुँचा तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। नम आँखों और सैन्य सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई। परिजनों ने बताया कि पहलवान गुर्जर भारतीय सेना की राजपूताना रेजिमेंट की 24वीं बटालियन में तैनात था।

बुधवार को दिल्ली में ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। साथी जवानों ने उन्हें तुरंत दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्होंने अंतिम सांस ली। शुक्रवार सुबह जवान का पार्थिव देह दिल्ली से चित्तौड़गढ़ लाया गया। होड़ा चौराहे से उनके पैतृक गांव धीरजी का खेड़ा तक 8 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई।

सेना के विशेष वाहन में सजे जवान के शव के पीछे बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण भारत माता की जय और पहलवान गुर्जर अमर रहे के नारे लगाते चल रहे थे। जवान का शव जैसे ही घर की दहलीज पर पहुँचा, कोहराम मच गया। सबसे हृदयविदारक दृश्य तब देखने को मिला जब जवान की तीन वर्षीय बेटी ने अपने पिता को पुष्पांजलि दी तो वहां मौजूद सभी आंखों से आंसू छलक पड़े।

शहीद पहलवान गुर्जर वर्ष 2017 में देश सेवा के जज्बे के साथ सेना में भर्ती हुए थे। शुक्रवार को सेना की टुकड़ी ने उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान प्रशासन के आला अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर