चित्तौड़गढ़, (माय सर्कल न्यूज) सलमान। मेवाड़ के प्रख्यात कृष्ण धाम श्री साँवलिया सेठ मंदिर के भंडार ने इस बार आस्था के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। मंदिर मंडल द्वारा जारी मासिक दानराशि की गणना ने पिछले सारे कीर्तिमानों को पीछे छोड़ दिया है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, पांच चरणों की गिनती पूरी होने तक दानराशि साढ़े 32 करोड़ 33 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या और उनके समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नोटों की गिनती का सिलसिला छठे दिन भी जारी है। गत 16 अप्रैल को कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के अवसर पर विशेष राजभोग आरती के पश्चात मंदिर मंडल की सीईओ, मंदिर मंडल अध्यक्ष एवं अन्य आधिकारिक सदस्यों की मौजूदगी में ठाकुर जी का भंडार खोला गया था। सुरक्षा के कड़े घेरे में शुरू हुई यह प्रक्रिया अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है।
पहले चरण में 11 करोड़ 11 लाख रुपए की गिनती हुई। उसके बाद दूसरे चरण की गिनती में 6 करोड़ 51 लाख 24 हजार 5 रुपए की दानराशि की गिनती हुई। महज दो चरणों की गिनती में ही दानराशि 17 करोड़ 62 लाख 24 हजार पांच रुपए तक पहुंच गई। तीसरे चरण में 9 करोड़ 62 लाख 38 हजार 995 रुपए चौथे चरण में 3 करोड़ 77 लाख रुपए और पांचवें चरण की गिनती में एक करोड़ 31 लाख 42 हजार रुपए की दानराशि की गिनती हुई। अब तक पांच चरणों में 32 करोड़ 33 लाख 5 हजार रुपए की दानराशि की गिनती हुई हैं। आज गुरुवार को छठे चरण की गिनती मंदिर परिसर के सत्संग हॉल में की जा रही है। इस कार्य के लिए 150 से अधिक बैंक व मंदिर कार्मिक तैनात किए गए हैं। गणना स्थल को पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है और अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है।
नोटों की छंटनी के दौरान बड़ी मात्रा में भक्तों द्वारा अर्पित सोना और चांदी के आभूषण भी चढ़ावें में आएं है। मंदिर परंपरा के अनुसार दानराशि की गणना पूरी होने के अंतिम दिन इन बहुमूल्य धातुओं का वजन किया जाएगा, जिसके बाद कुल चढ़ावें की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। श्री साँवलिया सेठ के प्रति भक्तों की एक अनोखी आस्था यह भी है कि हज़ारों व्यापारी उन्हें अपने व्यवसाय में हिस्सेदार बनाते हैं। मुनाफे का एक तय हिस्सा मन्नत के रूप में मंदिर के भंडार में अर्पित किया जाता है।

Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़