Explore

Search

May 1, 2026 10:08 pm

राजस्थान को एग्री-बिजनेस और हॉर्टिकल्चर हब बनाने की दिशा में तेज हुई तैयारियां

चित्तौड़गढ़। राजस्थान को एग्री-बिजनेस और हॉर्टिकल्चर का वैश्विक केंद्र बनाने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रही ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड के निर्देशानुसार कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा राज्य में अधिकतम निवेश आकर्षित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
उद्यानिकी विभाग के उप निदेशक डॉ. शंकर लाल जाट ने बताया कि जयपुर में 23 से 25 मई 2026 तक आयोजित होने वाले ग्राम-2026 कार्यक्रम के दौरान सरकार एवं निवेशकों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में फव्वारा निर्माण से जुड़ी लगभग पांच कंपनियां तथा पॉलीहाउस निर्माण से संबंधित एक कंपनी कार्यरत है, जिससे जिले के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में नए निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं।
उन्होंने बताया कि एमओयू के लिए एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट्स, आधुनिक कृषि तकनीक, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, सौर ऊर्जा आधारित कृषि समाधान, पॉलीहाउस संरचनाएं, कोल्ड स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन विकास जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही उद्यानिकी आधुनिकीकरण, बागवानी आधारित उद्यमों एवं वैल्यू एडिशन परियोजनाओं को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।
डॉ. जाट ने बताया कि सरकार द्वारा निवेशकों की प्रामाणिकता एवं पूर्व अनुभवों की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। उद्यानिकी एवं संबद्ध क्षेत्रों में अनुभव रखने वाले तथा परियोजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारने की वित्तीय क्षमता रखने वाले निवेशकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा राज-निवेश पोर्टल को सिंगल विंडो सिस्टम के रूप में विकसित किया गया है, जिससे निवेशकों को पंजीकरण एवं विभिन्न प्रक्रियाओं में सरलता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। इस पहल का उद्देश्य राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करना तथा कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में नए निवेश को बढ़ावा देना है।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर