बेगूं। उपखंड क्षेत्र के आमल्दा गांव में इन दिनों भक्ति की अविरल बयार बह रही है। श्री बाबा रामदेव महाराज मंदिर में आयोजित होने वाले भव्य प्राण-प्रतिष्ठा एवं पंच कुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ मंगलवार को एक विशाल कलश शोभायात्रा और पंचांग पूजन के साथ हुआ। ग्रामीणों के अपूर्व उत्साह और आस्था के चलते पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया है।
वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
मंगलवार को शोभायात्रा का श्री गणेश नंदवाई स्थित श्री गणेश घाटी गौशाला से पूरे विधि विधान और वेदमंत्रोच्चार के साथ किया गया। शोभायात्रा में श्री बाबा रामदेव जी का अश्व (घोड़ा) और पारंपरिक राजस्थानी संगीत पर नृत्य करते श्रद्धालु मुख्य आकर्षण रहे। यह यात्रा नंदवाई बस स्टैंड, नाहादी मोहल्ला, भदेसर भेरू नाथ से होते हुए आमल्दा के जाट मोहल्ला, ब्राह्मण मोहल्ला, रेबारी मोहल्ला और सालवी मोहल्ला सहित मुख्य मार्गों से गुजरी और अंततः श्री बाबा रामदेव महाराज मंदिर परिसर पहुंची। ग्रामीणों ने जगह-जगह तोरण द्वार लगाकर और पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। तेज धूप और गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों की ओर से नाश्ते, चाय-पानी और एक विशेष पानी के टैंकर की व्यवस्था भी की गई थी, जिसकी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा
महोत्सव के तहत आगामी दिनों में कई पावन अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।
6 मई: प्रातःकाल ग्रहादि पूजन और ध्वजा स्तंभ पूजन।
7 मई (गुरुवार – ज्येष्ठ कृष्ण 5): वेदी पूजन, हवन और भगवान का मूर्तिवास।
8 मई (शुक्रवार – ज्येष्ठ कृष्ण 6): सहस्त्रधारा, अभिषेक और मूर्ति महास्नान।
9 मई (शनिवार – ज्येष्ठ कृष्ण 7): शाम 4:15 बजे: श्री श्री 1008 श्री बाबा रामदेव जी महाराज मंदिर बोरवावड़ी में बारात का आगमन, जिसका समस्त मेघवंशी समाज आमल्दा द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।
शाम 7:15 बजे (गोधूलि वेला): तुलसी शालिग्राम विवाह का मनोहारी आयोजन।
10 मई (रविवार): दोपहर 12:30 बजे: कलश स्थापना, मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा और महायज्ञ की पूर्णाहुति पुजारी भेरूलाल के सानिध्य में होंगी। दोपहर 3:15 बजे:महाप्रसादी, महा सत्संग और चादर वितरण के साथ रात्रि 8:15 बजे विशाल सत्संग होंगी जिसका संचालन सलोदा वाले मदनजी महाराज द्वारा किया जाएगा । वही यज्ञाचार्य की भूमिका तेजपुर के पंडित विनोद व्यास निभाएंगे।
प्रतिदिन बहेगी भजनों की सरिता
आयोजन के दौरान प्रतिदिन रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे इसमें 5 मई को लादुनाथ योगी एंड पार्टी, गायक बंशीलाल, भीलवाड़ा के गायक कैलाश चंद जोधपुरिया, धीरज मेघवंशी (सामरिया), श्री हरिशंकर गड़बोदिया, प्रकाश मंडावरी और रतन मंडावरी एंड पार्टी मौजूद रहेगी। 8 मई को सुप्रसिद्ध गायक कमलेश जांगिड़, श्री रतन मंडावरी, प्रकाश मंडावरी और पवन झांकी (नीमच) द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। 9 मई गायक रामचंद्र बैरवा एंड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुति देंगे।
10 मई पूर्णाहुति के अवसर पर महासत्संग का आयोजन होगा।
आमल्दा में गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, बाबा रामदेव मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शंखनाद