चित्तौड़गढ़। शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रात आठ बजे बाद भी नियमों को ताक पर रखकर संचालित हो रहे एक शराब ठेके पर जमकर बवाल हो गया। किसी बात को लेकर हुए विवाद में दो श्रद्धालुओं और शराब सेल्समैन के बीच लात-घुसे चल गए। मारपीट में दोनों पक्षों के एक-एक युवक को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों के कुल 6 युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। मौके पर शहर डिप्टी और सदर पुलिस थानाधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी हर्ष सिसोदिया (19) और महाराष्ट्र के बैतूल निवासी राज सराडकर (19) चित्तौड़गढ़ में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद दोनों वापस लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसी दौरान रात करीब 8 बजे बाद वे स्टेशन के बाहर खुले एक शराब ठेके पर गए। वहां किसी बात को लेकर दोनों श्रद्धालुओं और ठेके के सेल्समैन के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। स्टेशन जैसे व्यस्त इलाके में सरेराह हो रहे इस झगड़े को देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सदर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के 6 लोगों को हिरासत में लिया और थाने ले आई, जिन्हें बाद में शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक शांतिभंग के आरोप में राज सराडकर (19) पिता पंडरी नाथ, निवासी बैतूल (महाराष्ट्र), हर्ष सिसोदिया (19) पिता संदीप सिसोदिया, निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश) और ठेका कर्मी भरत सुवालका (32) पिता लादू लाल, निवासी चंदेरिया, संदीप (26) पिता कन्हैयाल, निवासी गोपालपुरा बिजयपुर, अरमान (21) पिता मोहम्मद अख्तर अली, निवासी जयपुर (हाल किराएदार, चित्तौड़गढ़), शाहरुख अली (21) पिता मुन्ना खां, निवासी जयपुर (हाल किराएदार, चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार किया। शराब ठेके के सेल्समैन ने बताया कि दोनों युवकों पर शराब के ठेके के पैसे लेकर भागने लगे और दूसरे पक्ष ने लकड़ी डंडे से व थप्पड़ों से मारपीट करने का एक दूजे पर आरोप लगाए हैं। रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना ने शहर में रात 8 बजे बाद भी अवैध रूप से बिक रही शराब के काले कारोबार को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, चित्तौड़गढ़ शहर में कई जगहों पर रात 8 बजे के बाद शराब की दुकानों के मुख्य शटर तो डाउन कर दिए जाते हैं, लेकिन दूसरे रास्तों या खिड़कियों से खुलेआम शराब की बिक्री जारी रहती है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़