
राशमी। (शंभू लाल आचार्य) कस्बे के निकटवर्ती पुठवाडिया स्थित अलख वेद गुरुकुल में 20 मई से 16 दिवसीय निःशुल्क संस्कार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर 20 मई 2026 से 4 जून 2026 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य समाज में संस्कारों और संस्कृति का उत्थान करना है।
गुरुकुल संचालक स्वामी डॉ. गौ हितेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में सर्व समाज के बंधुओं को सनातन धर्म से संबंधित संस्कारों का ज्ञान प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही, बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न खेलों का भी आयोजन होगा।
शिविर में कर्मकांड और ज्योतिष के साथ-साथ मनोरंजन के लिए संगीत कक्षाओं का संचालन भी किया जाएगा। सायंकालीन सत्र में सामूहिक सभाएं होंगी, जिनमें दिनभर की चर्चाओं को शामिल किया जाएगा।
इस शिविर का लक्ष्य सनातन संस्कृति का संरक्षण, राष्ट्र उत्थान का संकल्प, संस्कारों का पुनर्जागरण और मोबाइल तथा आधुनिक भटकाव से दूर रहकर संस्कार, शक्ति एवं आत्मविश्वास की ओर एक सशक्त कदम बढ़ाना है। इसे सनातन संस्कृति के पुनर्जीवन, राष्ट्र उत्थान, धर्म रक्षा, चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, गौ सेवा, गुरु भक्ति, सेवा भाव जागरण, अनुशासन, पराक्रम और आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से एक अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
स्वामी शर्मा ने शिविर में भाग लेने वाले प्रतिभागियों से आधार कार्ड की फोटोकॉपी, धोती, कुर्ता, अंडरवियर, बनियान, टॉवेल, चद्दर, तकिया, मंजन, ब्रश, कॉपी, पेन, पंचपात्र, आसन, गौमुखी और माला आदि आवश्यक सामग्री साथ लाने का आग्रह किया है।