
बेगूं। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की कोटा-उदयपुर मार्ग पर चलने वाली एक्सप्रेस बसों के बेगूं शहर में नहीं आने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर नगरवासियो ने बेगूं उपखंड अधिकारी को जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौपाते हुए बताया गया की बसें बेगूं के बजाय काटुंदा मोड़ से ही गुजर जाती हैं। स्थाई लोक अदालत के आदेश और रोडवेज प्रबंधन द्वारा नई समय सारणी जारी होने के बावजूद इन बसों का संचालन बेगूं से शुरू नहीं हो पाया है, जिससे स्थानीय जनता में भारी असंतोष व्याप्त है। जानकारी के अनुसार इस जन समस्या को लेकर स्थाई लोक अदालत चित्तौड़गढ़ में इफ्तेखार अजमेरी बनाम राजस्थान रोडवेज के नाम से एक वाद प्रस्तुत किया गया था। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी एक्सप्रेस रोडवेज बसों को काटुंदा मोड़ के स्थान पर बेगूं होकर संचालित करने के सख्त आदेश दिए थे। इस पर रोडवेज प्रशासन ने यह कहते हुए मोहलत मांगी थी कि अप्रैल माह में पूरे राज्य की नई समय सारणी तैयार होती है, तब से इन बसों का संचालन बेगूं से शुरू कर दिया जाएगा।
फरवरी में जारी हुई थी समय सारणी, 9 बसों का होना था संचालन
अदालत के आदेशों की पालना में 25 फरवरी 2026 को मुख्य प्रबंधक राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम चित्तौड़गढ़ के कार्यालय द्वारा (पत्र क्रमांक 403/2026) एक आदेश जारी किया गया। इसके तहत निम्नलिखित बसों की समय सारणी तय की गई। जिसमे उदयपुर से कोटा जाने वाली 4 एक्सप्रेस बसें एवं कोटा से उदयपुर जाने वाली 5 एक्सप्रेस बसें कुल 9 एक्सप्रेस वाहनों की समय सारणी तय कर इसकी प्रति उप महाप्रबंधक (यातायात) मुख्यालय और कार्यकारी प्रबंधक (समय सारणी) मुख्यालय, जयपुर को भी भेजी गई थी। यह तय हुआ था कि अप्रैल से ये वाहन बेगूं होकर गुजरेंगे। लेकिन अप्रैल बीत जाने के बाद भी उक्त 9 एक्सप्रेस वाहन काटुंदा मोड़ से ही निकल रहे हैं और बेगूं नहीं आ रहे हैं।
एसडीएम को शिकायत के बाद भी नतीजा सिफर
आदेशों की अवहेलना और बसों के न आने से परेशान होकर स्थानीय लोगों ने 04 मई 2026 को उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया को भी एक लिखित रिपोर्ट सौंपकर गुहार लगाई थी। लेकिन इस शिकायत के बाद भी अब तक प्रशासन या रोडवेज की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
जनता की प्रशासन से मांग
एक्सप्रेस बसों के ठहराव न होने से यात्रियों, छात्रों और मरीजों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आमजन ने उच्चाधिकारियों और स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि वे रोडवेज प्रबंधन से तत्काल वार्ता कर इस समस्या का समाधान निकालें और जारी की गई नई समय सारणी के अनुसार शीघ्र अति शीघ्र एक्सप्रेस बसों का संचालन बेगूं से सुनिश्चित करवाएं।