Explore

Search

June 5, 2026 1:38 am

सामाजिक बहिष्कार एवं अवैध झगड़ा राशि वसूली जैसी कुप्रथाओं के विरुद्ध होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

चित्तौड़गढ़। समाज में वर्षों से चली आ रही कुछ सामाजिक कुप्रथाएं आज भी अनेक परिवारों के लिए आर्थिक एवं सामाजिक संकट का कारण बन रही हैं। विशेष रूप से ऐसे मामलों में, जहां बालिग लड़का एवं लड़की अपनी स्वेच्छा एवं सहमति से नाता-विवाह अथवा विवाह करते हैं, वहां समाज के कुछ तथाकथित पंच-पटेल अथवा प्रभावशाली व्यक्ति अवैध रूप से सामाजिक दबाव बनाकर लड़के के परिवार से झगड़े के नाम पर लाखों रुपये की राशि वसूल करते हैं।

प्राप्त सूचनाओं के अनुसार कई मामलों में यह राशि मनमाने ढंग से निर्धारित की जाती है तथा इसमें कुछ व्यक्तियों का निजी स्वार्थ एवं आर्थिक लाभ भी निहित रहता है। ऐसी अवैध वसूली के कारण अनेक परिवार कर्ज के बोझ तले दब जाते हैं, यहां तक कि कई परिवारों को अपनी भूमि एवं संपत्ति तक बेचनी पड़ती है। इससे समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा शिक्षा एवं प्रगति के अवसर भी प्रभावित होते हैं।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति अथवा परिवार पर सामाजिक दबाव बनाकर धनराशि वसूलना, समाज से बहिष्कृत करना, सामाजिक प्रतिबंध लगाना अथवा किसी प्रकार का अवैध जुर्माना आरोपित करना कानून सम्मत नहीं है। प्रत्येक बालिग नागरिक को संविधान एवं कानून द्वारा अपनी इच्छा से विवाह करने तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त है।

यदि समाज के किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति, पंच अथवा अन्य व्यक्तियों द्वारा किसी व्यक्ति या परिवार को समाज से बहिष्कृत किया जाता है, अवैध रूप से जुर्माना वसूला जाता है अथवा सामाजिक दबाव बनाकर धनराशि की मांग की जाती है, तो इसकी सूचना अथवा परिवाद प्राप्त होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष के सम्पर्क नंबर 7300453344 पर देवें।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर