
चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के 66वें स्थापना दिवस 7 अगस्त के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत शनिवार को ऐतिहासिक चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्या लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल तथा प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
स्कूल के जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति समाज में सकारात्मक संदेश देना था। अभियान में सैनिक स्कूल के कैडेट्स एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वच्छता अभियान के दौरान कैडेट्स ने चित्तौड़गढ़ दुर्ग परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कचरे का संग्रहण किया। प्लास्टिक एवं अन्य हानिकारक अपशिष्ट सामग्री को अलग-अलग एकत्रित कर उनके उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई। साथ ही दुर्ग की प्राचीर एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की साफ-सफाई कर ऐतिहासिक धरोहरों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कर्नल जसरोटिया ने कैडेट्स को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं। अभियान में कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम के माध्यम से सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के संयोजक जयपाल सिंह शेखावत थे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़