Explore

Search

August 3, 2026 4:47 am

अपनी डफली, अपना राग: बड़े नेताओं की बैठकों से दूरी, गुटों में बंटी कांग्रेस पार्टी

चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज, सलमान। मेवाड़ की ऐतिहासिक धरा चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस पार्टी इन दिनों बाहरी विरोधियों से कम और अपनी ही अंदरूनी कलह से अधिक जूझ रही है। जिला कांग्रेस कार्यालय में होने वाली बैठकों से दिग्गज नेताओं की दूरी और तीन-चार धड़ों में बंटी पार्टी इस बात का साफ संकेत दे रही है कि चित्तौड़गढ़ कांग्रेस में गुटबाजी अब ढकी-छिपी नहीं रही। आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों से ठीक पहले खुलकर सामने आई यह फूट पार्टी आलाकमान के लिए बड़ी सिरदर्दी बन सकती है। अपनी ढफली अपना राग देखने को मिल रहा हैं। ज़मीनी हकीकत यह है कि चित्तौड़गढ़ में ‘कांग्रेस तो कहीं खो गई है और नेता खुद ही पूरी कांग्रेस बन बैठे हैं।’

◆ जिले में 3 से 4 गुटों में बंटी कांग्रेस

चित्तौड़गढ़ कांग्रेस वर्तमान में किसी एक या दो नहीं, बल्कि तीन से चार अलग-अलग गुटों में स्पष्ट रूप से विभाजित नजर आ रही है। जिले में प्रमोद सिसोदिया गुट, आंजना गुट और जाड़ावत गुट व प्रकाश चौधरी गुट अपने-अपने ध्रुवों पर खड़े दिखाई देते हैं। पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी और प्रमोद सिसोदिया गुट की बढ़ती नजदीकियों से पूर्व मंत्री उदय लाल आंजना ने भी कांग्रेस कार्यालय से दूरी बना रहे हैं तो जाड़ावत गुट पहले से ही दूर हैं। पुराने बड़े चेहरों के अलावा कपासन के पूर्व विधायक शंकर लाल बैरवा, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष भैरू लाल जाट, बड़ीसादड़ी से कांग्रेस उम्मीदवार रहे बद्री लाल जाट अभी जिला मुख्यालय की बैठकों में नजर नही आ रहे हैं, तो माना जा सकता हैं कि कई ना कई मनमुटाव की स्थिति पैदा हुई हैं। आलम यह है कि महत्वपूर्ण मुद्दों और संगठनात्मक कार्यक्रमों के बावजूद ये नेता एक साथ मंच साझा करने से पूरी तरह कतरा रहे हैं। शीर्ष नेताओं के बीच पसरी इस दूरी का असर आम कार्यकर्ताओं पर भी पड़ रहा है, जिससे वे भी असमंजस की स्थिति में बैठकों में खुलकर सामने आने से कतरा रहे हैं।
स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच गहराते असंतोष का मुख्य कारण हाल ही में गठित की गई नई जिला कार्यकारिणी को भी माना जा रहा है। आरोप है कि कार्यकारिणी बनाते समय जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं से जरूरी सलाह-मशविरा नहीं किया गया। इसके अलावा, दूसरे गुटों से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी में तरजीह न देकर उनकी अनदेखी की गई। नतीजतन अधिकांश वरिष्ठ नेताओं ने जिला कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली बैठकों से दूरी बना ली है।

◆ आलाकमान के आदेश का पालन, पर अपनों से ही खिंचाव

यह बात अलग है कि जयपुर प्रदेश नेतृत्व से आने वाले हर संगठनात्मक हुक्म की तामील सभी नेता मुस्तैदी से कर रहे हैं। आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में तमाम नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर रहे हैं। वर्तमान में जिला कार्यालय में होने वाली बैठकों में केवल पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह बिधूड़ी, जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, प्रदेश पीसीसी सचिव ललित बोरीवाल तथा मौजूदा कार्यकारिणी से जुड़े चुनिंदा पदाधिकारी व उनके गुटों से जुड़े कार्यकर्ता ही नजर आ रहे हैं। हालांकि इन बैठकों में वे कांग्रेस के कार्यकर्ता भी आ रहे हैं जो इन गुटबाजी से दूर हैं और कांग्रेस को अपना परिवार मानते हैं। इन बैठकों में बड़े नेताओं की इस गैर-मौजूदगी से चित्तौड़गढ़ कांग्रेस की अंदरूनी दरार पूरी तरह उजागर हो रही है। कांग्रेस की दरार वाली दीवार को मजबूत करना हैं तो आलाकमान को भी चित्तौड़गढ़ की तरह नजर उठानी होगी और एक मंच पर सभी नेताओं को लाना होगा।
एक दौर था जब चित्तौड़गढ़ जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का एकछत्र राज हुआ करता था। प्रदेश में पार्टी के विपक्ष में रहने पर भी जिले से एक-दो सीटें पार्टी के खाते में आ ही जाती थीं। लेकिन बदलते समय के साथ पार्टी के ही असंतुष्ट नेता और दलबदलू अंदरखाने कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवारों का खेल बिगाड़ने का काम किया हैं। टिकट न मिलने पर नाराजगी जताकर अपनों को ही हराने की नीति ने पार्टी के जनाधार को भारी चोट पहुँचाई है।
आगामी चुनावों में यदि कांग्रेस को चित्तौड़गढ़ में अपनी साख बचानी है, तो नेताओं को पुरानी चुनावी रंजिशें और व्यक्तिगत मनमुटाव भुलाकर एक मंच पर आना होगा। अंदरखाने दीमक की तरह पार्टी की जड़ों को खोखला करने के बजाय, संगठन द्वारा घोषित प्रत्याशी के साथ एकजुट होकर मैदान में उतरना ही पार्टी के अस्तित्व को बचा सकता है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर