Explore

Search

August 3, 2026 4:52 am

कपड़े की दुकान से नकदी चोरी का खुलासा, अंतरजिला गिरोह के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार,चोरी की नकदी बरामद

बेगूं। डीएसटी (चोरी निरोधक टीम) एवं पारसोली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कस्बा पारसोली स्थित कपड़े की दुकान से नकदी चोरी की वारदात का  खुलासा करते हुए अंतरजिला गिरोह के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई नकदी बरामद की है। जिला पुलिस  अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सम्पत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की वारदातों के शीघ्र खुलासे हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी (चोरी निरोधक) चित्तौड़गढ़ एवं पुलिस थाना पारसोली की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। टीम द्वारा सतत आसूचना संकलन, मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए कस्बा पारसोली स्थित कपड़े की दुकान से नकदी चोरी की वारदात का सफल खुलासा कर दो अन्तरजिला शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई नकदी बरामद की गई है। 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी बेगूं अंजली सिंह के निकट पर्यवेक्षण में सम्पत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत डीएसटी (चोरी निरोधक) चित्तौड़गढ़ एवं पुलिस थाना पारसोली की संयुक्त टीम का गठन किया गया। 16 जुलाई 2026 को प्रार्थी राजेश जाट निवासी रघुनाथपुरा ने पुलिस थाना पारसोली पर रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि उसकी कस्बा पारसोली में पुराना हॉस्पिटल एवं बस स्टैण्ड के मध्य बाजार में कपड़ों की दुकान है। 15.जुलाई.2026 को उसकी अनुपस्थिति में उसकी पत्नी दुकान पर बैठी हुई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आए। एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के पास खड़ा रहा, जबकि दो व्यक्ति कपड़े खरीदने के बहाने दुकान में आए। एक आरोपी ने गमछा खरीदकर भुगतान हेतु 500 का नोट दिया। शेष राशि लौटाने के दौरान दूसरे आरोपी ने महिला का ध्यान कपड़े दिखाने में व्यस्त रखा तथा उसके साथी ने मौका पाकर दुकान के गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस थाना पारसोली पर धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता 2023  के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए गठित टीम द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा दुकान एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। साथ ही सतत आसूचना संकलित करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों तथा आवागमन के संबंध में तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसी दौरान टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। टीम द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दस्तयाब कर गहन पूछताछ की गई तथा पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी बरामद कर ली है। पुलिस ने महेन्द्र पुत्र भंवरलाल, जाति बाबरी (गोस्वामी), उम्र 22 वर्ष, निवासी बापूनगर कच्ची बस्ती, पीर के बालाजी के पास, बालेटा रोड, कुन्हाड़ी, दिलीप पुत्र राजू बाबरी, जाति बाबरी, निवासी कच्ची बस्ती, रेलवे स्टेशन पुलिया के नीचे, थाना मानटाउन, जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया।


पूछताछ

प्रारम्भिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों, विशेषकर श्री सांवलियाजी सेठ मंदिर तथा जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न रैलियों, मेलों एवं जुलूसों के दौरान लोगों का ध्यान भटकाकर जेबकटी एवं नकदी चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। अभियुक्तों से इस प्रकार की अन्य वारदातों के संबंध में गहन एवं विस्तृत अनुसंधान जारी है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड में मुलजिम दिलीप पिता राजू बावरी वर्ष 2022 में बैंक ऑफ बड़ौदा सवाई माधोपुर में 6.50 लाख की पिस्टल की नोक पर अपने अन्य साथियों के साथ डकैती की जिसमें प्रकरण जेर ट्रायल है।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर