
राशमी। कस्बे में बुधवार को हरियाली अमावस्या के अवसर पर अरावली तलहटी में स्थित प्राचीन झाड़ेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। इस दौरान शिव मंदिरों में दिनभर भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने रोली-मोली, बिल्व-पत्र, अगरबत्ती और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में दिनभर “हर-हर महादेव” के जयकारे गूंजते रहे।
श्रावण माह की हरियाली अमावस्या की विशेष धार्मिक मान्यता के कारण सुबह से ही झाड़ेश्वर महादेव मंदिर और अन्य शिवशंकर तीर्थ स्थलों पर भक्तों का तांता लगा रहा। भारी भीड़ के चलते महिला और पुरुष श्रद्धालुओं को कतार में खड़े होकर महादेव के दर्शनों के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
भक्त अपने हाथों में नारियल, माला, अगरबत्ती, दूध और दही जैसी पूजन सामग्री लेकर महादेव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए उत्सुक दिखाई दिए।
झाड़ेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा मालपुए और केले जैसे फल-फ्रूट का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, घरों में भी मालपुए, खीर और पकौड़ी जैसे व्यंजन बनाए गए।