चित्तौड़गढ़। शहर के विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को सुचारू बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सभापति अनिल ईनाणी ने नगर परिषद के निर्माण, विद्युत और सफाई अनुभाग की मैराथन बैठक लेकर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एक्सईएन जितेंद्र मीणा और तकनीकी अधिकारियों के साथ वर्तमान में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लिया गया। सभापति अनिल ईनाणी ने सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और समय-समय पर मौका निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है, वहां तुरंत एस्टीमेट तैयार कर टेंडर जारी करने और सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। विद्युत अनुभाग की समीक्षा के दौरान सभापति ने आगामी दीपावली पर्व से पूर्व शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों और विद्युत व्यवस्था की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने फेज वायर और टाइमर दुरुस्त कर तय समय पर लाइट चालू और बंद करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिन क्षेत्रों में दिन के समय रोड लाइट चालू रहती है, वहां तुरंत फेज वायर लगाकर उन्हें टाइमर से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों और जमादारों के साथ अलग से समीक्षा की गई। सभापति ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और कचरा डिपो से समय पर कचरा उठाने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों को प्रतिदिन फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने को कहा गया।
इस मैराथन बैठक के दौरान उपसभापति सुदर्शन रामपुरिया, पार्षद शैलेंद्र झंवर सहित नगर परिषद के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़