Explore

Search

October 31, 2026 3:38 pm

विज्ञान प्रदर्शनी में कैडेट्स ने प्रदर्शित किए विज्ञान और तकनीक के आकर्षक मॉडल

चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में शुक्रवार को स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार के निर्देशन में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। स्कूल के अकादमिक भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया थे।
स्कूल के जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि स्कूल के कैडेट्स ने रचनात्मक और नवाचारपूर्ण परियोजनाओं पर आधारित कई प्रकार के मॉडल बनाये जिनकी प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि ने उदघाटन किया। विज्ञान में महिलाएं विकसित भारत को गति देना थीम पर आयोजित प्रदर्शनी का उदेश्य कैडेट्स में साइंटिफिक सोच को बढ़ावा देना था। स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विभिन्न हाउस एवं क्लबों के कैडेट्स ने नवाचार एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत किए।
लव हाउस के कैडेट्स ने लावा लैंप एवं कृत्रिम रंगों से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। कुश हाउस के कैडेट्स ने टिंडल प्रभाव तथा मानव श्वसन तंत्र के मॉडल के माध्यम से प्रकाश के प्रकीर्णन और सांस लेने की प्रक्रिया को समझाया। प्रताप सदन के कैडेट्स ने सौर ऊर्जा से संचालित कूलर एवं दुर्घटना मुक्त भारत की अवधारणा पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। जयमल हाउस के कैडेट्स ने क्लैप स्विच का शानदार मॉडल प्रदर्शित किया, वहीं हमीर हाउस के कैडेट्स ने कृत्रिम गुर्दे एवं एलिफेंट टूथपेस्ट का प्रदर्शन कर कैडेट्स और दर्शकों को आकर्षित किया। कुम्भा सदन के कैडेट्स ने अग्निशमन रोबोट प्रस्तुत किया, जो आग बुझाने में आधुनिक तकनीक की उपयोगिता को दर्शाता है। सांगा हाउस के कैडेट्स ने स्मार्ट सिटी एवं चुंबकीय विद्युत से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किए। इलेक्ट्रॉनिक क्लब की ओर से रिवर क्लीनिंग बोट एवं यू-टर्न रोड सेफ्टी से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए गए। अशोका सदन के कैडेट्स ने कार डिटेक्टिंग सिस्टम एवं फ्लड डिटेक्टिंग सिस्टम के मॉडल प्रदर्शित किए। इसके अतिरिक्त रॉकेट सिस्टम और फ्लोटिंग मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहे। एआई रोबोटिक्स क्लब ने रोबोटिक्स के अनेक आधुनिक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी तकनीकी प्रतिभा का परिचय दिया। सभी दर्शको ने कैडेट्स द्वारा बनाये गए मॉडल्स को काफी सराहा।
मुख्य अतिथि कर्नल जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा, विज्ञान हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है और इसका महत्व हमें समझना चाहिए। इस प्रकार के कार्यक्रमों से कैडेट्स में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ती है और वे इस विषय की तरफ आकर्षित होते हैं।

◆सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन
सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार को कैडेट्स की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन एवं सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य कैडेट्स के प्रदर्शन की समीक्षा करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए स्कूल और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूल कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि कैडेट्स की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्कूल का उद्देश्य कैडेट्स को न केवल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट बनाना है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक और भविष्य के सक्षम नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करना भी है। उन्होंने अभिभावकों से स्कूल के प्रयासों में सहयोग करने तथा बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
स्कूल के जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि बैठक के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ कैडेट्स की शैक्षणिक उपलब्धियों, उपस्थिति, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से संबंधित विषयों पर चर्चा की। अभिभावकों को उनके बच्चों की प्रगति से अवगत कराया गया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना गया। इस दौरान कैडेट्स के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास में स्कूल और अभिभावकों की संयुक्त भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और अनुशासित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर