













चित्तौड़गढ़। पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने 16 अगस्त को निम्बाहेड़ा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी और स्थानीय विधायक श्रीचंद कृपलानी पर तीखा हमला बोला है। आंजना ने कहा कि युवा वर्ग और जेन जी में घटते जनाधार से घबराई भाजपा अपने राजनीतिक कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए स्कूली बच्चों और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। आंजना ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के निजी स्कूल प्रबंधकों को धमकाकर प्रत्येक विद्यालय से 150 से 600 बच्चों को कार्यक्रम में लाने के लिए बाध्य किया गया है, जबकि 17 से 19 अगस्त के बीच बच्चों की द्वितीय परीक्षाएं निर्धारित हैं। भीड़ दिखाने के लिए व्यापारियों को दोपहर 2 बजे तक दुकानें बंद रखने को कहा गया है। इसके अलावा, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, उदयपुर और राजसमंद जैसे दूर-दराज जिलों से लोगों को लाने के लिए सरकारी व निजी बसों का अधिग्रहण किया जा रहा है। पूर्व मंत्री ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जिन विकास कार्यो व मूर्तियों का लोकार्पण करने आ रहे हैं, उनमें भारी भ्रष्टाचार हुआ है। विधानसभा में गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक किए बिना उद्घाटन करना संवैधानिक पद की गरिमा के विपरीत है।





Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़