

चित्तौड़गढ़। शहर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए सूचना केंद्र में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवनिर्मित लाइब्रेरी की सौगात मिली है। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की पहल पर CSR के सहयोग से जेके सीमेंट द्वारा तैयार की गई इस लाइब्रेरी का संचालन अब नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा किया जाएगा।
शुक्रवार को नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव ने नवनिर्मित लाइब्रेरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर, शांत और सुविधाजनक वातावरण मिले तथा आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे।
लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंटरनेट, वाई-फाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए इन्वर्टर, स्मार्ट टीवी, सी सी टीवी कैमरे, एसी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिसर में छात्राओं और छात्र के लिए अलग अलग परिसर में अध्ययन की व्यवस्था की गई है। लाइब्रेरी में लगभग 100 विद्यार्थियों को लाभ मिल सकेगा। विद्यार्थियों के लिए परिसर के बाहर भी सीटिंग व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
आयुक्त यादव ने बताया कि लाइब्रेरी के सुचारू संचालन के लिए नगर परिषद की ओर से दो ऑपरेटर, एक सफाई कर्मचारी और एक चौकीदार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। यदि किसी सुविधा में कमी सामने आती है तो उसे आगामी दो-तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
यह लाइब्रेरी शहर के उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और अध्ययन के लिए बेहतर स्थान की तलाश में रहते हैं। जिला प्रशासन की पहल, CSR सहयोग और नगर परिषद के संचालन से तैयार यह सुविधा विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर माहौल और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के अधिशाषी अभियंता जितेंद्र कुमार, सहायक अभियंता सतीश कुमार, डॉ. विकास अग्रवाल, मनोहर पाराशर, ओमप्रकाश प्रजापत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़