चित्तौड़गढ़। शनिवार 17 जनवरी से धर्म, संस्कृति और सनातन चेतना का भव्य संगम देखने को मिलेगा। सेतु मार्ग स्थित रतनबाग में सनातन गौरव समिति, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ 351 कलशों के साथ निकलने वाली विराट एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा से होगा।
समिति के संयोजक प्रवीण टाक ने जानकारी दी कि ध्यानयोगी, श्री श्री 1008 परमपूज्य गुरुदेव अनंत विभूषित महामंडलेश्वर उत्तम स्वामीजी महाराज, उत्तम सेवा धाम बांसवाड़ा के श्रीमुख से 17 जनवरी से 23 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 3 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा से पूर्व प्रतिदिन एक कुंडीय यज्ञ संपन्न होगा, जिसमें प्रतिदिन पांच यजमान जोड़े आहुतियां अर्पित करेंगे। समिति के सह-संयोजक शैलेंद्र झंवर ने बताया कि कथा के प्रथम दिवस, 17 जनवरी को प्रातः 9:30 बजे छबीला हनुमान जी मंदिर से भव्य कलश एवं शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह शोभायात्रा राणा सांगा बाजार और नई पुलिया होते हुए रतनबाग स्थित कथा स्थल पर पहुंचेगी। इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में 151 से अधिक गांवों की प्रभात फेरियां सहभागिता करेंगी। शोभायात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करती हुई चलेंगी। वहीं ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और मंगल वाद्यों की गूंज से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में डूब जाएगा। गौरव त्यागी और विश्वनाथ टांक ने बताया कि शोभायात्रा में हाथी-घोड़े, सुसज्जित बग्गियां, केसरिया ध्वज, आकर्षक धार्मिक झांकियां और भगवान महाकाल की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह तोरण द्वार, पुष्पवर्षा, आरती एवं स्वागत मंच लगाए जाएंगे। सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और मोहल्ला समितियों द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। केसरिया पताकाओं, दीपों की श्रृंखला और पुष्प सजावट से पूरा शहर धर्ममय उत्सव में परिवर्तित हो जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कथा स्थल रतनबाग में विशाल और आकर्षक पांडाल का निर्माण अंतिम चरण में है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक थीम पर सुसज्जित इस पांडाल में हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। भव्य मंच, पुष्प सजावट, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, उत्कृष्ट ध्वनि प्रणाली और विशाल एलईडी स्क्रीन के माध्यम से श्रद्धालु सहज रूप से कथा श्रवण कर सकेंगे। कथा स्थल पर महापुरुषों के चित्र भी लगाए जा रहे हैं।
महिला व्यवस्थाओं और सहभागिता को लेकर सरस्वती शर्मा और लीला आगाल ने आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़