Explore

Search

June 23, 2026 1:23 pm

बेगूं एसडीएम अंकित सामरिया का औचक निरीक्षण, नदारद मिले शिक्षक व स्वास्थ्य कार्यकर्ता, थमाया नोटिस

MY CIRCLE NEWS

बेगूं। उपखंड क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने और व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त करने के उद्देश्य से  शुक्रवार को बेगूं उपखंड अधिकारी (एसडीएम) अंकित सामरिया ने विभिन्न गांवों का सघन दौरा किया। एसडीएम के इस औचक निरीक्षण से ड्यूटी से नदारद रहने वाले सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। दौरे के दौरान एसडीएम ने जहां निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांची, वहीं ड्यूटी से गायब मिले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों का लिया जायजा

जानकारी के अनुसार एसडीएम अंकित सामरिया ने ग्राम पंचायत डोराई के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने एसडीआरएफ योजना के तहत डोराई, मनकेसर और गंदेलिया के आंगनबाड़ी केंद्रों पर निर्माणाधीन छतों के कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर एसडीएम ने संबंधित ठेकेदार और ग्राम विकास अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए और इसे तय समय सीमा के भीतर पूर्ण करवाया जाए। उन्होंने चेताया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिलीं नदारद

निर्माण कार्यों का जायजा लेने के बाद उपखंड अधिकारी का काफिला बाघपुरा पहुंचा। यहां उपस्वास्थ्य केंद्र बाघपुरा के औचक निरीक्षण के दौरान महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कृष्णा शर्मा अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं। इसके पश्चात बाघपुरा के ही आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धापूबाई सैन भी मौके से गायब मिलीं। कार्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने पर एसडीएम ने दोनों महिला कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है।

स्कूल से दो शिक्षक भी मिले गायब
प्रशासनिक सख्ती का दौर यहीं नहीं थमा। एसडीएम ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बाघपुरा का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान विद्यालय के अध्यापक लक्ष्मीनारायण धाकड़ और हरीशचन्द्र छीपा बिना किसी पूर्व सूचना के स्कूल से अनुपस्थित पाए गए। इन शिक्षकों की इस लापरवाही पर भी प्रशासनिक स्तर पर रिपोर्ट तैयार की गई है।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर