चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। अभियान के तहत बुधवार को जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता, त्वरित सेवा वितरण एवं समस्याओं के समाधान की नई व्यवस्था विकसित हुई है, जिससे आमजन का विश्वास सरकार एवं प्रशासन के प्रति और अधिक मजबूत हुआ है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अभियान प्रभारी विनय पाठक ने बताया कि ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत गांव-गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए कलाजत्था एवं मोबाइल एलईडी वैन का अभिनव उपयोग किया जा रहा है। लोक कलाकारों द्वारा गीत, नाटक एवं संवाद के माध्यम से योजनाओं को स्थानीय भाषा में प्रस्तुत किया जा रहा है, वहीं एलईडी वैन के जरिए योजनाओं से संबंधित वीडियो प्रदर्शित कर ग्रामीणों को सरल एवं प्रभावी तरीके से जानकारी दी जा रही है। इससे ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जागरूकता के साथ सहभागिता भी निरंतर बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। कृषि विभाग की योजनाओं के तहत कृषि यंत्र अनुदान, फार्म पॉण्ड, तारबंदी एवं फव्वारा सिंचाई योजना का लाभ किसानों को दिया जा रहा है। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्य सुरक्षा में नाम जोड़ने, मकान पट्टा वितरण तथा गर्भवती एवं प्रसूति महिलाओं को पोषण किट वितरण जैसी सेवाएं भी शिविरों में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे तथा योजनाओं का लाभ सरलता से मिल रहा है।
◆ एक मंच पर अनेक विभागों की योजनाओं का लाभ
ग्राम रथ अभियान के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक मंच पर लाकर ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे आमजन को एक ही स्थान पर कई विभागों की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। प्रशासन की इस समन्वित पहल को ग्रामीणों द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
अभियान के अंतर्गत बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र की बानसी, महुड़ा, बोहेड़ा, बड़वल, अमीरामा, केवलपुरा एवं पायरी ग्राम में जिला कलक्टर डॉ मंजू ने संध्या चौपाल में भाग लिया एवं आमजन की समस्या सुनी , चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र की ठीकरिया, जालमपुरा, सेमलिया एवं औछड़ी, बेगूं विधानसभा क्षेत्र की ठुकरई, शादी, रायता, आवंलहेड़ा एवं दौलतपुरा तथा कपासन विधानसभा क्षेत्र की कांकरवा, पारी, भूपालनगर, चोरवड़ी, नीलोद एवं पटोलिया ग्राम पंचायतों में एलईडी वैन एवं कलाजत्था कलाकारों द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर योजनाओं के प्रति जागरूकता दिखाई।
◆ संध्या चौपाल बनीं समाधान का प्रभावी मंच
अभियान के अंतर्गत आयोजित संध्या चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। इन संध्या चौपाल में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुन रहे हैं तथा कई मामलों में मौके पर ही समाधान भी किया जा रहा है। इससे प्रशासन एवं आमजन के बीच संवाद मजबूत हो रहा है तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा मिल रहा है। ग्राम रथ अभियान में पांचों विधानसभा में जिला अध्यक्ष ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सहित पंचायत समिति सदस्य जिला परिषद सदस्य प्रशासन सहित कई अधिकारियों ने इस अभियान में भाग लिया
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़