Explore

Search

June 27, 2026 11:09 pm

खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान; चित्तौड़गढ़ में बनेगा अत्याधुनिक स्टेडियम

चित्तौड़गढ़। शहरवासियों और खेल प्रेमियों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा शनिवार को पूरी हुई, जब ऐतिहासिक गोरा बादल स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। हिन्दुस्तान जिंक एवं नगर परिषद के संयुक्त सहयोग से लगभग एक साल में विकसित होने वाला यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देशीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में नई पहचान बनाएगा। कार्यक्रम में सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलेक्टर डॉ. मंजू तथा हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर विकास कार्य का शुभारम्भ किया।

​इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी ने कहा कि लंबे समय से खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सुझाव दिया कि स्टेडियम में वीर योद्धा गोरा-बादल की शौर्यगाथा का भी चित्रण किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली विरासत से प्रेरणा प्राप्त कर सके। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने हिन्दुस्तान जिंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आधुनिक परिसर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा और जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

हिन्दुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने कहा कि वीरभूमि चित्तौड़गढ़ से जुड़ना गौरव का विषय है। कंपनी क्षेत्र के सामाजिक एवं सामुदायिक विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने हिन्दुस्तान जिंक की सीएसआर पहल की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे खिलाड़ियों को समर्पित किया जाएगा। प्रशासन युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी भी विकसित कर रहा है।

कार्यक्रम में वेदांता समूह की सीएसआर हेड अनुपम निधि, हिन्दुस्तान जिंक के आईबीयू हेड आलोक रंजन, सीओओ किशोर एस सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह बहुउद्देशीय खेल परिसर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं तथा स्थानीय सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर